सेवा, संवेदना और राष्ट्रभक्ति का संगम : बाल गृह में बच्चों संग आत्मीय संवाद कर मनाया गया स्वतंत्रता दिवस का उत्सव

० पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप और बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बच्चों को तिरंगा वितरित कर स्वच्छ पेयजल के लिए भेंट किया वॉटर कूलर

जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर वृंदावन कॉलोनी स्थित बाल गृह में आत्मीयता, सेवा और राष्ट्रप्रेम का भाव देखने को मिला। पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप तथा बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बाल गृह पहुंचकर देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों से आत्मीय संवाद किया। इस दौरान बच्चों को तिरंगा वितरित कर उन्हें राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चों के साथ स्वल्पाहार भी किया गया।

बच्चों की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की ओर से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा के लिए वॉटर कूलर भी भेंट किया गया। इस पहल से बाल गृह में निवासरत बच्चों को गर्मी के मौसम में शीतल एवं सुरक्षित पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी।

इस अवसर पर पूर्व सांसद एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने कहा कि देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की देखभाल अत्यंत संवेदनशीलता और समर्पण के साथ की जानी चाहिए। ऐसे संस्थानों में बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक और पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक एवं कर्मचारियों से बच्चों की सेवा और देखभाल के प्रति और अधिक सक्रिय एवं संवेदनशील रहने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल बच्चों के स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने भविष्य में भी बैंक के माध्यम से बाल गृह में निवासरत बच्चों की आवश्यकतानुसार अन्य उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के बीच तिरंगा वितरण और उनके साथ आत्मीय संवाद ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को विशेष बना दिया। आयोजन में सेवा, संवेदना और राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

इस अवसर पर प्रदेश सह-संयोजक, सहकारिता प्रकोष्ठ रंजीत पांडे, जिला सहकारी बैंक के सीईओ कुंवर सिंह ध्रुव, योगेश ठाकुर, शशिभूषण रथ, मनोज सिंह, संजय पाण्डे, बाल कल्याण समिति बस्तर के अध्यक्ष नरेन्द्र पाणिग्राही, सदस्य श्रीमती वर्षा श्रीवास्तव, रामकृष्ण ठाकुर, संतोष जोशी, बाल गृह के प्रभारी अधीक्षक मनोजकांत जोशी, रंजीता जोशी, पलक साव, रंजीता देवांगन, माहेश्वरी सरवन, सुनीता देवांगन, सोमा सरकार सहित बाल गृह के बच्चे उपस्थित रहे।