जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में तत्काल बढ़ोतरी करे सरकार – कांग्रेस

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि जिन डॉक्टरों को हम भगवान के समान दर्जा देते हैं, वही डॉक्टर अगर अस्पताल छोड़कर अपने हक के लिए सड़क पर प्रदर्शन करने को मजबूर हों तो यह सरकार की संवेदनहीनता का सबसे बड़ा उदाहरण है। छत्तीसगढ़ में जूनियर डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, मगर सरकार उनकी जायज मांगों पर तत्काल निर्णय लेने के बजाय आंख मूंदकर बैठी है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के जूनियर डॉक्टर देशभर में सबसे कम स्टाइपेंड मिलने के बावजूद अस्पतालों में मरीजों की सेवा, आपातकालीन ड्यूटी और लगातार लंबे कार्य घंटों में काम करने को मजबूर हैं। प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पहले से चरमराई हुई है और उसके बाद अगर स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले इन चिकित्सकों की मेहनत और जिम्मेदारियों के अनुरूप स्टाइपेंड में बढ़ोतरी नहीं की जाती है तो यह चिकित्सकों के साथ-साथ गरीब मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं के प्रति सरकार की जिम्मेदारी से भागना है।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह कहा कि एक ओर सरकार के प्रतिनिधि बैठक कर जूनियर डॉक्टरों की स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग पर विचार करने का आश्वासन दे रहे हैं, वहीं दूसरी ओर प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों के स्टाइपेंड में कटौती और एक्सटेंशन जैसी कार्रवाई से टकराव की स्थिति उत्पन्न की जा रही है। सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर डॉक्टरों की मांगों का न्यायसंगत समाधान निकालना चाहिए तथा कटौती किए गए स्टाइपेंड का भुगतान और एक्सटेंशन से संबंधित कार्रवाई पर भी तत्काल रोक लगानी चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ को सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां और उचित आर्थिक प्रोत्साहन देने से ही बनेगी,साथ ही प्रदर्शन कर रहे डॉक्टरों से संवाद बनाए रखते हुए सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मरीजों की स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी स्थिति में प्रभावित न हों, सरकार बैठक में दिए गए आश्वासन को अमल में लाते हुए तत्काल जूनियर डॉक्टरों के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की घोषणा करे, कटौती किए गए स्टाइपेंड का भुगतान करे और एक्सटेंशन संबंधी कार्रवाई पर रोक लगाए।