विधायक राजेश मूणत की पहल: रायपुर पश्चिम के 36 शासकीय विद्यालयों में लगे आधुनिक वॉटर कूलर, हजारों विद्यार्थियों को मिलेगा स्वच्छ पेयजल

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत की पहल पर सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। इसी कड़ी में विधानसभा क्षेत्र के 36 शासकीय विद्यालयों में लगभग 25 लाख रुपये की लागत से आधुनिक वॉटर कूलर स्थापित किए गए हैं, जिससे हजारों छात्र-छात्राओं को वर्षभर स्वच्छ और शीतल पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। इस पहल को शिक्षा के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

राजेश मूणत ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र होते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ स्वच्छ पेयजल, सुरक्षित परिसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाने के लिए स्कूलों में किया गया हर विकास कार्य समाज और राज्य के भविष्य में निवेश है।

गर्मी के मौसम में लंबे समय तक विद्यालय में रहने वाले विद्यार्थियों को स्वच्छ और ठंडे पेयजल की कमी के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। कई बार बच्चों को पानी के लिए कक्षा से बाहर जाना पड़ता था, जिससे पढ़ाई भी प्रभावित होती थी। इन समस्याओं को देखते हुए विधायक राजेश मूणत ने क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में आधुनिक वॉटर कूलर लगाने का निर्णय लिया।

अब इन विद्यालयों में बच्चों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल आसानी से उपलब्ध होगा, जिससे उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और पढ़ाई के दौरान उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। विद्यालय प्रबंधन का भी मानना है कि बेहतर मूलभूत सुविधाओं से विद्यार्थियों की उपस्थिति और अध्ययन का वातावरण दोनों बेहतर होंगे।

राजेश मूणत ने कहा कि उनकी प्राथमिकता केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि सरकारी विद्यालयों को निजी स्कूलों की तरह बेहतर सुविधाओं से सुसज्जित करना है। इसी उद्देश्य से रायपुर पश्चिम के विभिन्न विद्यालयों में प्रार्थना शेड, अतिरिक्त कक्ष, परिसर विकास, स्वच्छता, वृक्षारोपण और अन्य आधारभूत सुविधाओं का भी लगातार विस्तार किया जा रहा है।

हाल ही में मायाराम सुरजन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चौबे कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आधुनिक वॉटर कूलर का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया तथा सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित कर शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

इन विकास कार्यों के चलते रायपुर पश्चिम के सरकारी विद्यालयों के प्रति अभिभावकों का विश्वास भी लगातार बढ़ रहा है। आधुनिक सुविधाओं, स्वच्छ परिसर और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के कारण विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अनुकूल माहौल मिल रहा है।

जिन प्रमुख विद्यालयों में आधुनिक वॉटर कूलर लगाए गए हैं, उनमें रायपुरा, सरोना, रामनगर, गुढ़ियारी, चौबे कॉलोनी, डंगनिया, हीरापुर, टाटीबंध, तिलकनगर, महोबा बाजार, कोटा, जनता कॉलोनी, पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर सहित रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के कुल 36 शासकीय विद्यालय शामिल हैं।

राजेश मूणत ने कहा कि आने वाले समय में भी शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह जनहित के कार्य जारी रहेंगे। उनका उद्देश्य प्रत्येक सरकारी विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस बनाना है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा और बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत सुविधाओं पर केंद्रित यह अभियान रायपुर पश्चिम के सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *