भालू ने मार डाला दो ग्रामीणों को, एक गंभीर घायल…

० लोग चिल्लाते रहे और भालू नोचता रहा शव 
०  शावक की मौत का खौफनाक बदला 
कांकेर। जिले के नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरकाटोला लारगांव क्षेत्र में बुधवार को एक मादा भालू ने दो ग्रामीणों को मार डाला। लोग भालू को खदेड़ने के लिए तेज आवाज में चिल्लाते रहे, मगर मादा भालू इस कदर आक्रामक थी कि वह शव को लगातार नोंचती रही।
भालू के हमले में एक अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने जंगल के पास भालू की मौजूदगी की सूचना वन विभाग को दी थी। लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया था। बताया जा रहा है कि स्कूल के पास जंगल में एक मृत भालू पड़ा था, जिसके पास एक मादा भालू मौजूद थी। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा है कि मादा भालू के शावक की मौत होने के कारण वह आक्रामक हो गई है। हालांकि इस संबंध में वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। घटना के बाद क्षेत्र में वन विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है। लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और सतर्क रहने की अपील की गई है। वहीं, दो लोगों की मौत से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है

भालू को पकड़ने का प्रयास
कांकेर वन मंडल के डीएफओ रौनक गोयल ने बताया कि भालू के हमले में अब तक दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल को इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और भालू को रेस्क्यू करने की तैयारी कर रही है।डीएफओ ने यह भी स्पष्ट किया कि मादा भालू के शावक की मौत या उसके संबंध में फिलहाल विभाग के पास कोई पुष्टि या जानकारी नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *