धमतरी। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में सुबह भालू के हमले में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों ग्रामीण जंगल में मशरूम (कुकुरमुत्ता) एकत्र करने गए थे, तभी पहले से मौजूद भालू ने उन पर अचानक हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से दोनों की जान बच सकी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, वन परिक्षेत्र उत्तर सिंगपुर के ग्राम परसाबुड़ा निवासी दो ग्रामीण सुबह करीब 5 बजे अलग-अलग समय पर कुंआनार जंगल में मशरूम तलाशने पहुंचे थे। इसी दौरान झाड़ियों में मौजूद भालू ने एक-एक कर दोनों पर हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह भालू को जंगल की ओर खदेड़ा और दोनों घायलों को बाहर निकालकर मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में दोनों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र का निरीक्षण शुरू कर दिया। विभाग ने ग्रामीणों से फिलहाल जंगल की ओर अकेले नहीं जाने और विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। वन अमला भालू की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखे हुए है।
इसी दिन कांकेर जिले के मरकाटोला–लारगांव क्षेत्र में भी भालू के हमले की बड़ी घटना सामने आई, जहां दो ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद वन क्षेत्रों से लगे गांवों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश नहीं करने और किसी भी वन्यजीव की गतिविधि दिखने पर तत्काल विभाग को सूचना देने की अपील की है।