जगदलपुर। शहर के धरमपुरा स्थित महावीर नगर के पास अटल आवास क्षेत्र में कथित रूप से बेजुबान कुत्तों को धारदार हथियार से मारने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने पर स्ट्रे सेफ फाउंडेशन की टीम मौके पर पहुंची और मामले की शिकायत कोतवाली थाने में दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
संस्था के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुछ लोग कुत्तों को दौड़ाकर धारदार हथियार से हमला कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद संस्था के सदस्य घटनास्थल पहुंचे और जानकारी जुटाई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रोहन शेट्टी और जय शेट्टी सहित कुछ अन्य लोगों ने कुत्तों को धारदार हथियार और भाले से घायल किया तथा घायल अवस्था में उनकी हत्या कर दी।
फाउंडेशन ने कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम सहित संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन सौंपा। संस्था ने मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी लीलाधर राठौर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए मामले में त्वरित जांच और नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान संस्था के प्रमुख लुप्तेश जगत सहित अभिषेक अवस्थी, माधुरी गुप्ता, ऋतु नाग, मानसी गुप्ता, पूजा सिंह, पूनम पांडे, तनुल गुप्ता, ऋचा गौरखेड़े, सुनीता सोरी, नूरी, शैलेन्द्र शाह और अभिषेक मिश्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।