समीर मिश्रा को डॉक्टरेट की मानद उपाधि…

जगदलपुर। कन्या शिक्षा परिसर परचनपाल के व्याख्याता समीर मिश्रा को शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्था वर्ल्ड कल्चरल एंड एन्वॉयरमेंट प्रोटेक्शन कमीशन द्वारा “डॉक्टरेट इन एजुकेशन” की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान नई दिल्ली के ग्रीन लाउंज होटल में आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। इस सम्मान के बाद समीर मिश्रा अब डॉ. समीर मिश्रा के नाम से जाने जाएंगे। संस्था द्वारा यह मानद उपाधि शिक्षा, समाजसेवा एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान की जाती है। डॉ. समीर मिश्रा पिछले 32 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने वर्ष 1993 में सरस्वती शिशु मंदिर से अपने अध्यापन जीवन की शुरुआत की थी। उनके मार्गदर्शन में अध्ययन करने वाले अनेक विद्यार्थी आज विभिन्न शासकीय एवं निजी संस्थानों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत हैं। शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में भी दिखाई देती है। उन्होंने बी.कॉम के साथ समाजशास्त्र, लोक प्रशासन, संस्कृत, भूगोल, राजनीति विज्ञान, इतिहास एवं ग्रामीण विकास में एमए किया है। इसके अलावा वे दो बार बीपीएड, बीएड, बीजेएमसी तथा मानवाधिकार में डिप्लोमा भी प्राप्त किया है। डॉ. समीर मिश्रा की इस उपलब्धि पर कन्या शिक्षा परिसर परचनपाल परिवार, छात्राओं एवं समस्त स्टाफ ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *