कोरबा। जिले में बेशकीमती इमारती लकड़ियों की अवैध कटाई और तस्करी के खिलाफ कोरबा पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। शुरुआत में महज 7 पेड़ों की कटाई से जुड़ा यह मामला गहन छानबीन के बाद एक बड़े तस्करी नेटवर्क के रूप में सामने आया। पुलिस और राज्य स्तरीय संयुक्त जांच दल ने रायपुर के अभनपुर तक फैले इस नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए ₹9 लाख मूल्य की लकड़ी और तस्करी में इस्तेमाल क्रेन को ज़ब्त कर लिया है।
7 पेड़ों से शुरू हुई जांच, खुला बड़ा फर्जीवाड़ा
पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब वन परिक्षेत्र अधिकारी ने थाना सिविल लाइन रामपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, सीएसईबी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास राजस्व भूमि से बिना किसी अनुमति के 7 पेड़ों की लकड़ी काटकर अवैध रूप से गायब कर दी गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और वन विभाग ने तकनीकी साक्ष्यों तथा दस्तावेजों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि ज़ब्त की गई लकड़ी का दायरा 7 पेड़ों से कहीं अधिक था और इसे कोरबा से अभनपुर (रायपुर) तक ले जाया गया था।
अभनपुर से बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी
प्रदेश स्तर पर गठित संयुक्त जांच दल की कार्रवाई के दौरान कुल 20.169 घन मीटर इमारती लकड़ी और परिवहन में प्रयुक्त क्रेन को बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी सुनील कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है।
बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज
थाना सिविल लाइन रामपुर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 673/2026 के अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2), 316(5) और 317(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।