० 36 महिलाओं ने लिया हिस्सा, 10 ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
जगदलपुर। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला बस्तर की उपसमिति ब्लड बैंक द्वारा आयोजित “मातृशक्ति रक्तदान महादान अभियान” का सफल आयोजन रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष एवं जिला दंडाधिकारी आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस विशेष अभियान में 36 माताओं एवं बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर रक्तदान के लिए अपना पंजीयन कराया। स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच के बाद 10 महिलाओं ने सफलतापूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान किया। वहीं शेष महिलाओं का हीमोग्लोबिन कम होना, वजन निर्धारित मानक से कम होना तथा अन्य चिकित्सकीय कारणों के चलते वे रक्तदान नहीं कर सकीं। हालांकि रक्तदान करने वालों की संख्या अपेक्षाकृत कम रही, लेकिन 36 मातृशक्तियों की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है। यह अभियान महिलाओं को रक्तदान के प्रति प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक संदेश देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम की प्रभारी मोनू सिंह रहीं। इस अवसर पर नीलम कुशवाह, मोनू सिंह, महक, ज्योति पटवा, नवीन बोथरा, भवानी सतपथी, विनोद पांडे, संतोष भदौरिया ,बृजेश शर्मा सहित ब्लड बैंक का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और सभी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी उपसमिति के अध्यक्ष अविनाश सिंह गौतम ने सभी माताओं एवं बहनों के इस प्रेरणादायी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान केवल जीवन बचाने का माध्यम ही नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा का प्रतीक है। ब्लड बैंक अध्यक्ष अविनाश सिंह गौतम ने भारतीय रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष अलेक्जेंडर एम. चेरियन, चेयरमैन मनीष गुप्ता, वाइस चेयरमैन नरेश मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष ऋषि भटनागर के प्रति इस अभियान के सफल आयोजन में उनके सतत मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रोत्साहन के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया।