संयुक्त मोर्चा ने विभिन्न मांगों को लेकर किया प्रदर्शन और राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

दल्ली राजहरा(विजय कुमार नोन्हारे)। पाटेश्वर धाम जमीन मामला और नकटी प्रकरण को लेकर आज सोमवार को नगर के विभिन्न सामाजिक, श्रम व राजनीतिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा ने आंबेडकर मेमोरियल के समक्ष 11 बजे जमकर विरोध प्रदर्शन किया। संयुक्त मोर्चा के संयोजक व सामाजिक कार्यकर्ता हेमंत कांडे ने बताया की नीट परीक्षा पेपर लीक, छात्रों की आत्महत्या, राष्ट्रीय परिक्षाओं में लगातार जारी भारी अनियमित्ताओं के लिए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 28 दिनों से चल रहे आंदोलन, सोनम वांगचुक, नेहा बोरा व छात्र-युवाओ के अनशन को समर्थन देने के साथ ही साथ महाबोधि विहार बौद्ध गया का प्रबंधन, संचालन बौद्धों को देने, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा शासकीय शालाओं में धार्मिक मंत्रों के उच्चारण करने के आदेश पर रोक लगाने, जामड़ीपाट से अवैध कब्जा अतिक्रमण हटाने, विधायक निवास बनाने उजाड़े गये नकटी गांव के निवासियों का पुनर्व्यवस्थापन करने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों व संविधान पर लगातार जारी हमलों को रोकने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को बचाने की मांगों को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है व राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के नाम स्थानीय एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर केंद्र व राज्य सरकार की असंवैधानिक व अलोकतांत्रिक कार्यो पर रोक लगाने की मांग की गई। आंबेडकर मेमोरियल हाल के समीप आयोजित इस एक दिवसीय धरना, विरोध प्रदर्शन को सोमनाथ उइके अध्यक्ष छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ, हेमंत कांडे संयोजक संयुक्त मोर्चा, अनिल यादव सचिव जिला परिषद सीपीआई, राजेंद्र बेहरा सीपीआई, अशोक बांबेश्वर पूर्व अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस कमेटी दल्ली राजहरा, पुरुषोत्तम सिमैया सचिव सीटू, अनिल यादव सचिव बालोद जिला परिषद माकपा, विनोद मिश्रा, कुमारी दिशा दिल्ली यूनिवर्सिटी, डॉ. वैद्य शहीद अस्पताल, नीता कमल रामटेके भारतीय बौद्ध महासभा, विद्या रावटे ब्लाक अध्यक्ष हल्बा समाज दल्ली राजहरा, आशा नोन्हारे अध्यक्ष छत्तीसगढ़ बौद्ध समाज महिला मंडल आदि वक्ताओ ने संबोधित किया। वक्ताओं के संबोधन के बाद प्रदर्शन स्थल से सभी रैली निकालकर एसडीएम कार्यालय में उनकी अनुपस्थिति में लिपिक को सभी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा पृथक-पृथक ज्ञापन सौंपा गया। अंतिम वक्ता के रुप में छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष व पूर्व विधायक जनक लाल ठाकुर ने संबोधित किया व धरना प्रदर्शन के समापन की घोषणा की। इस दौरान संयुक्त मोर्चा में शामिल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) व सीटू, छत्तीसगढ़ मुक्ति मोर्चा, छत्तीसगढ़ माइंस श्रमिक संघ, भारतीय सम्यक बौद्ध महासभा, छत्तीसगढ़ बौद्ध समाज, हल्बा समाज, गोड़वाना समाज के पुरुष, महिला सदस्य, मजदूर-किसान, छात्र, युवा व शहीद अस्पताल के डॉक्टर व नर्स बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *