कोरबा। जिले के उरगा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भैसामुड़ा गांव में शराब के नशे में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने खुद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी और होश आने पर पत्नी के शव से लिपटकर रोता रहा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय अगहन बाई धनवार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी रोजी-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करते थे। उनकी एक बेटी है, जिसकी शादी हो चुकी है। अगहन बाई मूल रूप से मड़वारानी गांव की रहने वाली थीं और पिछले कुछ दिनों से अपने पति परदेसी धनवार के साथ रिश्तेदारों के गांव भैसामुड़ा में रह रही थीं।
बताया जा रहा है कि घटना वाली रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी। इसी दौरान बची हुई शराब को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि नशे में धुत पति ने गुस्से में पत्नी पर हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के दौरान चीख-पुकार सुनकर एक बुजुर्ग बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपी ने उन्हें भी धक्का देकर पटक दिया। वारदात के बाद आरोपी ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि नशा उतरने के बाद वह पत्नी के शव से लिपटकर रोने लगा।
सोमवार सुबह सूचना मिलने पर उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या के प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।