
0 अतिरिक्त नंबर देकर बदल दी मेरिट लिस्ट में हेरफर का गंभीर आरोप
0 स्पोर्ट्स कोटा के नाम पर अतिरिक्त अंक देकर मेडल दिलाने का आरोप
जगदलपुर। स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल में आठवीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। स्कूल प्रबंधन पर स्पोर्ट्स एवं कल्चरल कोटा के नाम पर अतिरिक्त अंक जोड़कर मेरिट सूची बदलने और एक छात्रा को मेडल दिलाने के आरोप लगे हैं। मामले में जिला शिक्षा अधिकारी बलीराम बघेल का कहना है कि इस तरह अतिरिक्त अंक देने का कोई प्रावधान नहीं है। इसके बाद स्कूल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नयापारा जगदलपुर निवासी कक्षा आठवीं की छात्रा वंशिका श्रीवास्तव ने वार्षिक परीक्षा के अंकों पर आपत्ति जताई थी। अभिभावकों द्वारा पड़ताल करने पर दावा किया गया कि वंशिका के 93.33 प्रतिशत अंक हैं, जबकि स्कूल द्वारा टॉपर घोषित छात्रा अनुति टेन्नेटी के 91 प्रतिशत अंक ही हैं। आरोप है कि पहले स्कूल ने अनुति के 95.17 प्रतिशत और वंशिका के 95 प्रतिशत अंक दर्शाए थे। मामला जिला शिक्षा अधिकारी तक पहुंचने के बाद जांच हुई और अंक सुधारने के निर्देश दिए गए। आरोप है कि सुधार प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद स्कूल प्रबंधन ने अब तक संशोधित परिणाम जारी नहीं किया है। इसे लेकर अभिभावकों में नाराजगी है। वंशिका के माता-पिता का यह भी आरोप है कि अपनी बात रखने के बाद उन्हें स्कूल के व्हाट्सएप ग्रुप से हटा दिया गया। अभिभावकों ने स्कूल की प्राचार्य मनीषा खत्री पर आरोप लगाया है कि उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों को वास्तविक स्थिति से अवगत नहीं कराया। उनका कहना है कि स्थानीय विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव सहित अन्य अतिथियों की मौजूदगी में अनुति टेन्नेटी को टॉपर के रूप में सम्मानित कराया गया, जबकि वास्तविक मेरिट सूची अलग बताई जा रही है। इधर अभिभावकों ने मांग की है कि संशोधित परिणाम तत्काल सार्वजनिक किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, स्कूल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अंक बढ़ाना गैरवाजिब
परीक्षा परिणाम में कोटा विशेष के नाम पर अतिरिक्त अंक देने का कोई प्रावधान नहीं है। स्कूल प्रबंधन को गलती सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
बीआर बघेल,
जिला शिक्षा अधिकारी, बस्तर