० अंत्योदय कार्ड में शक्कर ने देने पर दुर्व्यवहार भी
बकावंड। आवंटन बंद होने के कारण अंत्योदय कार्डधारी को शक्कर न दे पर राशन दुकान में महिला विक्रेता से मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर बकावंड थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोपी फरार हो गया है। पीड़ित महिला ने आरोपी गिरफ्तारी होते तक दुकान बंद रखने की चेतावनी दी है।
मामला बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक की ग्राम पंचायत जैतगिरी का है। यहां की शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान में अंत्योदय कार्ड पर शक़्कर न मिलने पर एक कार्डधारी ने राशन विक्रेता महिला के साथ मारपीट कर दी। घटना की रिपोर्ट बकावंड थाने में दर्ज कराई गई है, मगर कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने से राशन विक्रेताओं में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार अंत्योदय कार्डधारी सुरजीत सिंह शक़्कर लेने दुकान पहुंचा था। विक्रेता द्वारा अंत्योदय कार्डधारियों के लिए शक्कर का आवंटन बंद होने और स्टॉक में शक्कर न होने की बात कहने पर कार्डधारक आग बबूला हो गया और उसने विक्रेता महिला के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। पीड़िता ने तत्काल बकावंड थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज तो कर ली है लेकिन अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इस घटना के विरोध में राशन विक्रेता कल्याण संघ जिला बस्तर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। संघ का कहना है कि शासन से जो भी खाद्य सामग्री आती है उसका समय पर सभी कार्डधारियों को वितरण किया जाता है। आज तक किसी को परेशान नहीं किया गया। वहीं पीड़िता महिला ने कहा है- जब तक सुरजीत सिंह के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक मैं दुकान नहीं खोलूंगी। उधर ग्रामीणों और राशन कार्ड धारक रेवती पांडे, मीनू, विश्वनाथ, घनश्याम, जुगधर, ओमनाथ, पीतांबरा ने कहा कि राशन दुकान समय पर खुलती है और सभी हितग्राहियों को समय पर राशन मिलता है। थाना बकावंड के एक सब इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है और जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।