नेताजी की दबंगई से वार्डवासियों में दहशत

0 खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं अकेली रहने वाली महिलाएं 

0 सरकारी जमीन पर कब्जा और बेचने का भी आरोप 

दल्ली राजहरा। नगर के वार्ड क्रमांक 13 में एक राजनैतिक दल के नेताजी की दबंगई के चलते दहशत का माहौल बन गया है। घरों में अकेली रहने वाली महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। नेताजी के खिलाफ वार्डवासियों ने एसपी कार्यालय व नगर पालिका कार्यालय में सामूहिक शिकायत की है।
दल्ली राजहरा नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 13 घोड़ा मंदिर वार्ड के सैकड़ों महिला पुरुषों ने वार्ड के ही निवासी तथाकथित नेता अनिकेत देशलहरा उर्फ दीपक उर्फ थापा के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका में लिखित शिकायत पत्र सौंपा है। तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है। पूर्व पार्षद एवं भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यकारिणी सदस्य सुखंतीन ठाकुर ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया है कि यह व्यक्ति लंबे समय से राजनीतिक संरक्षण एवं ऊंची पहुंच कi धौंस दिखाकर क्षेत्र में भय का वातावरण बना रहा है। उसके विरुद्ध अवैध वसूली, शासकीय एवं खाली भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण करना, महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करना, राहगीरों से मारपीट, गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने सहित अनेक गंभीर शिकायतें वार्डवासियों द्वारा की गई हैं।विज्ञप्ति के अनुसार इन घटनाओं से परेशान होकर वार्डवासियों ने सामूहिक रूप से थाना दल्ली राजहरा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक बालोद से मिलने गए, जहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। वार्डवासियों का आरोप है कि शिकायत के बाद अब उक्त नेताजी द्वारा शिकायतकर्ताओं को लगातार धमकियां दी जा रही हैं तथा “एक-एक को देख लेने” और “जान से मार देने” जैसी बातें कही जा रही हैं। इससे पूरे वार्ड में भय एवं असुरक्षा का वातावरण व्याप्त है। वार्ड की अधिकांश महिलाएं घरों अकेली रह रही हैं। ये महिलाएं अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। साथ ही वार्ड के लोगों में भी असुरक्षा का वातावरण बन रहा है। उक्त व्यक्ति द्वारा लोगों के साथ बेखौफ होकर मारपीट की जाती है और अपनी राजनीतिक पहुंच की धौंस दी है। यह व्यक्ति जिस राजनीतिक पार्टी से जुड़ा है उस पार्टी की छवि वार्डवासियों एवं आसपास के लोगों की नजरों से गिर रही है। नगर पालिका परिषद में नेताजी के अवैध निर्माण व अवैध कब्जों पर रोक लगाने हेतु लिखित व आवेदन दिया गया था। मगर कार्रवाई के बदले उल्टे उक्त व्यक्ति को नगर पालिका द्वारा संरक्षण दिया जा रहा है जिसके चलते वह और भी दबंगई से खाली शासकीय भूमि पर कब्जा कर ऊंचे दामों पर बेचकर मुनाफा कमा रहा है। शिकायत करने वालों में गुलाब ब्रिज, शेखर, भोजराज, विमल प्लेस, हीरालाल, विजय, संतोष, सुभाष, मनोज, भानबाई, कुंवर भाई, भगवती, यशोदा, ममता, सीमा, माहेश्वरी, रोहिणी, मनीषा, संतोषी, मुकेश्वरी, राजकुमारी, चंद्रिका बाई, मधु निर्मलकर, माहेश्वरी, पुष्पा, उमाबाई, संतोषी साहू आदि प्रमुख हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *