रायपुर। राजधानी रायपुर में महिला से लाखों रुपये के जेवर और मोबाइल से भरा पर्स झपटने की वारदात का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए आरोपी को महज 34 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है, जिसकी कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के सरोना स्थित राधाकृष्ण मंदिर के पास 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6 बजे हुई थी। कबीरधाम निवासी चंद्रिका देवांगन अपने पति के साथ अपनी बेटी के घर आयोजित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने रायपुर आई थीं। कार्यक्रम के बाद वे दोनों पैदल सरोना चौक की ओर जा रहे थे, तभी अचानक एक स्कूटी सवार युवक ने महिला के कंधे पर टंगा पर्स झपट लिया और तेजी से फरार हो गया।
पीड़िता के पर्स में सोने के कीमती जेवर और एक मोबाइल फोन मौजूद था, जिससे परिवार को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ। घटना की शिकायत मिलते ही डी.डी. नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (अपराध एवं साइबर) के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी के भागने के संभावित मार्गों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की पहचान में सफलता मिली, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम शेख अख्तर उर्फ कल्लू (31 वर्ष), निवासी टिकरापारा बताया और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी गए सोने के जेवर, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद कर ली।
पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात में रानी हार, चेन, झुमके और ईयरिंग शामिल हैं। सभी सामान की कुल कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी शेख अख्तर उर्फ कल्लू आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, झपटमारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित करीब एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।