रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रोफेसर कॉलोनी इलाके में शनिवार को सोलर पैनल लगाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। एक मकान की छत पर काम कर रहे दो मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि तीसरा मजदूर बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर कॉलोनी स्थित एक मकान की छत पर तीन मजदूर सोलर पैनल लगाने का काम कर रहे थे। इसी दौरान पैनल या उसे उठाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट की चपेट में आते ही दो मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों की पहचान प्रमोद चंद्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (19 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना में तीसरा मजदूर सुरक्षित बच गया।
सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस हादसे के प्रत्यक्षदर्शियों और तीसरे मजदूर से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हाईटेंशन लाइन के समीप कार्य करते समय आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। प्रारंभिक जांच में करंट लगने से हादसा होना सामने आया है।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।