0 केशलूर-तोंगपाल सड़क की दुर्दशा पर सरकार को घेरा पीसीसी सचिव ने
सुकमा को प्रयोग का मौदान बना लिया है भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने सुकमा जिले की बदहाल सड़कों और थम चुकी विकास की गति को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार, जिले के प्रभारी मंत्री और क्षेत्रीय सांसद पर करारा तंज कसा है। दुर्गेश राय ने सवाल किया है कि केशलूर से तोंगपाल तक हिचकोले देने वाली सड़क से सुदूर क्षेत्र में पहुंच कर फोटो शूट कराने वाले मंत्री और सांसद सुकमा के किस विकास की बात करते हैं?
प्रदेश कांग्रेस सचिव दुर्गेश राय ने कहा है कि सुकमा जिले की लाइफ लाइन कही जाने वाली सड़क के केशलूर से तोंगपाल तक के हिस्से की बदहाली का जिक्र भी नहीं भाजपा के मंत्री और सांसद नहीं करते हैं। जबकि ये दोनों जनप्रतिनिधि अपने लग्जरी वाहनों वाहनों से हिचकोले खाते हुए इसी सड़क से होकर सुदूर गांवों तक पहुंचे थे। श्री राय ने कहा कि अपनी जमीनी परफार्मेंस अपने आकाओं को दिखाने के लिए ही मंत्री और सांसद सुकमा जिले में पहुंचते हैं। इसके एवज में उन्हें शासन से भारी भरकम दौरा भत्ता, पेट्रोल डीजल का खर्च मिलता है, मगर उनके आगमन से सुकमा जिले को कुछ भी हासिल नहीं होता। वरिष्ठ कांग्रेस नेता दुर्गेश राय ने आरोप लगाया है कि मंत्री और सांसद को सुकमा की जनता से कोई सरोकार नहीं है। अगर होता तों आज यहां के किसानों और नागरिकों को डीजल पेट्रोल एक खाद के लिये लाइन लगाना नहीं पड़ता। आज भी सुकमा के लोग विकास के लिए तरस रहे हैं। कांग्रेस के शासन में यहां के लोगों के पास पैसा होता था। तेंदूपत्ता तोड़ाई, गोठान, जैविक खाद निर्माण, साग सब्जी उत्पादन, मुर्गा पालन, वनोपज संग्रहण से सुकमा जिले के लोगों को भरपूर आमदनी होती थी और वे सुख पूर्वक जीवन यापन कर रहे थे। युवा राजीव मितान क्लबों के माध्यम से युवाओ को खेल से लेकर सांस्कृतिक सामाजिक गतिविधियों के लिये पैसा दिया जा रहा था इस सरकार ने यह सभी योजनाएं बंद कर लोगों आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का काम किया है। श्री राय ने कहा है कि सुकमा की जनता डीजल पेट्रोल के लिए लाइन मे लगी है, हॉस्पिटल में डाक्टर एवं पूरी व्यवस्थाएं नहीं हैं। यहां के लोगों को मजबूरन दूसरे प्रदेश की स्वास्थ सेवा के आश्रित रहना पड़ रहा है। धान की बर्बादी का मुद्दा उठाते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव दुर्गेश राय ने कहा कि भाजपा सरकार की घोर लापरवाही के कारण करोड़ों के धान का नुकसान हो गया। खाद के लिये किसान परेशान हैं, जीएसटी से व्यपारी त्रस्त हैं रोजगार के लिए युवा हलाकान हैं। यह सब भाजपा के नेताओं और मंत्री को नहीं दिखता। न ही इस मुद्दे पर वे बात करते हैं।श्री राय ने कहा है कि सुकमा क्षेत्र पिछड़ा होने के कारण यह भाजपा के मंत्री सांसद के लिए दौरे का प्रायोगिक ग्राउंड बनकर रह गया है। सुकमा आओ फोटो खींचवाओ और नम्बर बढ़ाओ यही काम भाजपा के लोगों का रह गया है।श्री राय ने कहा है कि केशलूर से तोंगपाल रोड पर हमारे सांसद और मंत्री जरा भी ध्यान नहीं देते, मगर उन्होंने सुकमा को पानी घाट जरूर बना लिया है। उन्हें सुकमा की जनता से कोई मतलब नहीं है। दुर्गेश राय ने कहा है कि इस बदहाल रोड पर ध्यान नहीं दिया गया तो बरसात में रोड पूरी तरह बंद हो सकती है। इससे सुकमा के लोगों को बड़ा नुकसान होगा। स्वास्थ से लेकर व्यापार तक में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। अब देखना होगा ट्रिपल इंजन के मंत्री नेता सांसद लोग सुकमा की जनता के लिये कितना पहल करते है यह तों आने वाला वक़्त ही बताएगा, अन्यथा हाइवे पर चलने वाले भी सुदूर एरिया में विकास ढूंढते रह जाएंगे भाजपा के शासन काल में।