मां दंतेश्वरी फ्यूल्स तारापुर का जनरेटर खराब, बिजली गुल होते ही पेट्रोल डीजल देना बंद

0  घंटों हलाकान होते रहते हैं दर्जनों उपभोक्ता 

बकावंड। बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम तारापुर में स्थित पेट्रोल पंप मां दंतेश्वरी फ्यूल्स का जनरेटर बिगड़ा पड़ा है। यहां बिजली गुल होते ही पेट्रोल डीजल बिकना बंद हो जाता है। बिजली आने के इंतजार में ग्राहक घंटों हलाकान होते रहते हैं। शनिवार को भी ऎसी ही अव्यवस्था सामने आईं।
शनिवार बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद पेट्रोल पंप की सेवाएं पूरी तरह ठप हो गईं। मौके पर मौजूद ग्राहकों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा, वहीं कई लोग बिना पेट्रोल डीजल भरवाए लिए ही वापस लौटने मजबूर हो गए। ग्राहकों के अनुसार बिजली जाने के बाद पेट्रोल पंप में वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में स्थापित जनरेटर चालू नहीं हो सका। जांच करने पर जनरेटर खराब स्थिति में पाया गया। बताया जाता है कि जनरेटर में डीजल भी उपलब्ध नहीं था, जिसके कारण उसे स्टार्ट नहीं किया जा सका।
मौके पर मौजूद एक ग्राहक बुधराम नेताम ने पेट्रोल पंप प्रबंधन से इस संबंध में जानकारी ली। इस दौरान ग्राहकों ने बताया कि बिजली गुल होने पर ऐसी स्थिति पहली बार नहीं हुई है, बल्कि अक्सर यहां उपभोक्ताओं को इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है। करीब एक घंटे तक बिजली आने की प्रतीक्षा के बाद कई ग्राहक वापस लौट गए। पेट्रोल पंप के मैनेजर ने भी स्वीकार किया कि यह समस्या केवल आज की नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी लंबे समय तक बिजली बाधित रहती है, तब इस तरह की दिक्कतें सामने आती हैं। मैनेजर ने माना कि जनरेटर में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिसके कारण उसे तत्काल चालू नहीं किया जा सका। ग्राहकों का कहना है कि पेट्रोल पंप संचालक प्रभा शंकर शुक्ला द्वारा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई है। उनका आरोप है कि नियमित रखरखाव के अभाव में जनरेटर अनुपयोगी हो चुका है, जिससे बिजली कटौती के दौरान ईंधन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।स्थानीय लोगों ने मांग की है कि पेट्रोल पंप में वैकल्पिक बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए ताकि भविष्य में उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। घटना के दौरान बड़ी संख्या में वाहन चालक बिजली बहाल होने की प्रतीक्षा करते नजर आए, जबकि कई लोग निराश होकर वापस लौट गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *