विधायक किरण देव ने किया CCSH का दौरा

0 अस्पताल की आधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सराहा

जगदलपुर। कांटीनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशयलिटी हॉस्पिटल (CCSH) के बदले स्वरूप और वहां मिल रही आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं को नजदीक से देखने रविवार को जगदलपुर विधायक व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।
विधायक किरण देव ने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का सघन दौरा किया, जिसमें ब्लड बैंक, अत्याधुनिक आईसीयू (ICU) वार्ड और इकॉनमी वार्ड शामिल रहे। उन्होंने वहां मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया और संतुष्टि जताई।

मरीजों को किया फल वितरण

दौरे के दौरान विधायक देव ने वार्डों में भर्ती मरीजों के पास जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। इसके साथ ही उन्होंने मरीजों के परिजनों से भी बातचीत कर अस्पताल की सेवाओं और डॉक्टरों के व्यवहार के बारे में फीडबैक लिया। इस आत्मीय मुलाकात के दौरान विधायक किरण देव और भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने मरीजों को फल भी वितरित किए।

ब्रेन ट्यूमर के सफल ऑपरेशन पर डॉक्टरों की पीठ थपथपाई

दौरे के समय एक बेहद सुखद और गौरवान्वित करने वाला पल तब आया जब विधायक देव वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज से मिलने पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें बताया कि इस महिला के जटिल ब्रेन ट्यूमर का सफल ऑपरेशन इसी अस्पताल (CCSH) के डॉक्टरों की टीम द्वारा किया गया है और अब मरीज पूरी तरह स्वस्थ है।

इस बड़ी कामयाबी पर खुशी जताते हुए विधायक किरण देव ने डॉक्टरों की पूरी टीम की पीठ थपथपाई और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर अंचल के लिए यह एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि पहले ऐसे जटिल और गंभीर ऑपरेशनों के लिए मरीजों को विशाखापत्तनम, रायपुर या हैदराबाद जैसे बड़े महानगरों की ओर रुख करना पड़ता था, जिससे उनका काफी समय और पैसा खर्च होता था। अब जगदलपुर में ही ऐसी विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलना स्थानीय लोगों के लिए वरदान साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *