जली हुई लाश के अंधे कत्ल का खुलासा: प्रेमिका की हत्या कर शव जलाने वाला आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के पूंजीपथरा क्षेत्र में दो दिन पहले मिली अधेड़ महिला की जली हुई लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके साथ रह रहे व्यक्ति ने ही की थी। हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पेट्रोल डालकर जला दिया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

मामला 17 जून का है, जब तमनार चौक से पूंजीपथरा जाने वाले पगडंडी मार्ग पर मायाराम सालिकराम क्रेशर के पास एक महिला का जला हुआ शव मिला था। घटनास्थल पर शव को घसीटे जाने के निशान भी पाए गए थे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

मृतिका की पहचान पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने शव और बरामद कपड़ों की तस्वीरें तथा वीडियो सोशल मीडिया और स्थानीय औद्योगिक इकाइयों में प्रसारित किए। इसी दौरान जांच टीम को लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाले इमिलीयूस तिग्गा और उसके साथ रह रही महिला के अचानक गायब होने की जानकारी मिली।

वहीं सोशल मीडिया में प्रसारित तस्वीरों को देखकर जशपुर जिले के ग्राम बोरो से पहुंचे दो युवकों ने शव की पहचान अपनी मां मंगरिता एक्का (60 वर्ष) के रूप में की। उन्होंने बताया कि उनकी मां पूंजीपथरा क्षेत्र में मजदूरी का काम करती थीं।

इसके बाद पुलिस ने संदेही इमिलीयूस तिग्गा की तलाश शुरू की और जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में दबिश देकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की पूरी कहानी कबूल कर ली।

आरोपी ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से एक औद्योगिक इकाई में मजदूरी करता था। करीब तीन महीने पहले उसकी पहचान मंगरिता एक्का से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए थे और वे पति-पत्नी की तरह लक्ष्मी कॉलोनी में किराए के मकान में साथ रह रहे थे।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि महिला अक्सर उस पर दूसरी पत्नी रखने का संदेह करती थी, जिसके कारण दोनों के बीच विवाद होता रहता था। घटना वाले दिन दोनों साथ निकले और रास्ते में महुआ के पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ गई।

गुस्से में आकर आरोपी ने महिला की साड़ी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद उसने शव को झाड़ियों में छिपा दिया। बाद में एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल खरीदकर शाम के समय शव को घसीटते हुए दूसरी जगह ले गया और पहचान मिटाने के लिए आग लगा दी।पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल पेट्रोल की बोतल, माचिस और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *