० बड़े चकवा से शुरू हुआ दौरा, मधोता में रात्रि विश्राम, स्कूली बच्चों को बांटी पुस्तकें
० चौपाल लगाकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
बकावंड। मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल कार्यक्रम के तहत बस्तर सांसद महेश कश्यप बस्तर विधानसभा क्षेत्र के गांवों के प्रवास पर रहे। दौरे की शुरुआत बड़े चकवा गांव से हुई। इसके बाद उन्होंने नदीसागर, बोड़नपाल, रोतमा और झारतई में जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों से संवाद किया।
सांसद महेश कश्यप ने नवप्रवेशी स्कूली बच्चों का तिलक कर, माला पहनाकर स्वागत किया और पुस्तकें भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद
श्री कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में भारत ने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल की है। आज भारत रक्षा उपकरणों के निर्यात में नए रिकॉर्ड बना रहा है। उन्होंने कहा कि आवास, पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य योजनाओं से बस्तर जैसे इलाके भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने लोगों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। देर शाम सांसद मधोता पहुंचे। यहां रात्रि विश्राम के दौरान उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन व विकास कार्यों की रूपरेखा पर चर्चा की।