राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ दौरे से पहले सियासी घमासान: ‘जोकर’ बयान पर कांग्रेस का जवाब, विकास उपाध्याय ने पुरंदर मिश्रा को बताया ‘मेंटली डिस्टर्ब

रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा द्वारा राहुल गांधी को लेकर की गई ‘जोकर’ टिप्पणी पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा मानसिक रूप से अस्थिर हो चुके हैं और उन्हें इलाज की जरूरत है।

राहुल गांधी के दौरे को लेकर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि “दिल्ली से जोकर आ रहा है, अगले दस दिनों तक छत्तीसगढ़ में सर्कस चलेगा।” उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग भगवान राम को काल्पनिक मानते हैं, वे अब राम के मामा के गांव आ रहे हैं। साथ ही कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए तंज कसा कि क्या राहुल गांधी कार्यकर्ताओं को “आलू से सोना निकालने” की कला सिखाने आ रहे हैं।

भाजपा विधायक के इस बयान पर कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि पुरंदर मिश्रा “मेंटली डिस्टर्ब” हो चुके हैं और भाजपा को उनका इलाज कराना चाहिए। उपाध्याय ने यह भी कहा कि यदि भाजपा ऐसा नहीं कर पा रही है तो कांग्रेस उनकी चिकित्सा कराने को तैयार है। उन्होंने पुरंदर मिश्रा को “एक्सीडेंटल विधायक” बताते हुए आरोप लगाया कि वे सुर्खियों में बने रहने और अपना राजनीतिक कद बढ़ाने के लिए इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।

दरअसल, कांग्रेस का 10 दिवसीय जिला अध्यक्ष प्रशिक्षण शिविर अभनपुर में शुरू हो रहा है। इस शिविर में प्रदेशभर के जिला अध्यक्षों और संगठन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्यक्रम में कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। 21 जून को राहुल गांधी रायपुर पहुंचेंगे और करीब साढ़े पांच घंटे तक प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *