जांजगीर-चांपा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए युवती के निजी फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को साइबर तकनीक की मदद से ट्रेस कर रोहतास जिले से पकड़ा गया। मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने सिटी कोतवाली जांजगीर में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक ने इंस्टाग्राम पर उससे संपर्क कर दोस्ती की। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे झांसे में लेकर आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए। इसके बाद वही सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल कर दी गई और उसे हटाने के एवज में 70 हजार रुपये की मांग की गई। लगातार ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांच टीम गठित की गई। नैला चौकी प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार कंवर के नेतृत्व में साइबर सेल की मदद से तकनीकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की इंस्टाग्राम गतिविधियों और मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया, जिसके आधार पर उसका पता बिहार के रोहतास जिले में चला। इसके बाद पुलिस टीम वहां पहुंची और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अकबर खान (20 वर्ष) निवासी ग्राम चूरेसर, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने इंस्टाग्राम पर युवती से संपर्क कर फोटो और वीडियो वायरल कर ब्लैकमेलिंग करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी पड़ताल जारी है। इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें प्रेम कुमार सूर्यवंशी (21 वर्ष) निवासी पाली भाठापारा, जांजगीर और शिवम भवानी (19 वर्ष) निवासी स्कूल पारा, पाली शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है और आगे और खुलासे संभव हैं।