बालोद। जिले के गुरुर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां बिजली विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी ने हाईटेंशन बिजली लाइन के टॉवर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान देवेन्द्र साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो बिजली विभाग में नियमित कर्मचारी के तौर पर पदस्थ था। बताया जा रहा है कि उसने कोरबा–दल्लीराजहरा मुख्य विद्युत लाइन के टॉवर में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। यह घटना गुरुर थाना क्षेत्र के बोहारडीही गांव की है। स्थानीय लोगों ने जब बिजली टॉवर पर शव लटका देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद विभागीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और प्रारंभिक जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक तनाव की संभावना जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और विस्तृत जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।