रेत माफिया की खूनी भिड़ंत, भाजपा नेता की फॉर्च्यूनर में जिंदा जलाकर हत्या

कोरिया। जिले में रेत कारोबार को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सोनहत तहसील के ग्राम कटगोड़ी में देर रात हुई सनसनीखेज वारदात में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है।

जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे भरत सिंह गहरवार अपने साथियों के साथ फॉर्च्यूनर वाहन में सवार होकर नवगई गांव की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में हमलावरों ने पहले एक टिपर से उनकी गाड़ी को कई बार टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त किया। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी गई।

बताया जा रहा है कि टक्कर के कारण फॉर्च्यूनर के दरवाजे जाम हो गए थे। अंदर फंसे लोगों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ मारपीट भी की। इस दौरान भरत सिंह गहरवार वाहन में ही फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। तीन अन्य घायल लोगों को गंभीर हालत में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत सक्रिय हुआ। सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मामले में अब तक अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार किया है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक भरत सिंह गहरवार और आरोपी पक्ष के बीच लंबे समय से रेत उत्खनन और कारोबार को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन दोपहर में भी दोनों पक्षों के बीच झड़प हुई थी, जिसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई थी।

कांग्रेस का भाजपा पर हमला

घटना को लेकर कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा को घेरा है। कांग्रेस प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में रेत कारोबार को लेकर भाजपा नेताओं के बीच गैंगवार जैसी स्थिति बन गई है। उन्होंने कहा कि सत्ता के संरक्षण में अवैध रेत कारोबार फल-फूल रहा है और इसी कारण ऐसी हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं।

कांग्रेस ने हाल ही में जांजगीर-चांपा जिले में हुई गोलीबारी की घटना का भी उल्लेख करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार पर कार्रवाई में विफल रहने का आरोप लगाया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव का जवाब

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण साव ने कहा कि घटना बेहद गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए अरुण साव ने कहा कि विपक्ष इस घटना का राजनीतिकरण करने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को ऐसे संवेदनशील मामलों पर राजनीति करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए। फिलहाल पुलिस हत्या, आगजनी और आपराधिक साजिश समेत विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पूरे क्षेत्र में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *