0 किरण देव ने ग्रामीणों से खुलकर की बातचीत
0 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 साल बेमिसाल के तहत पहुंचे थे ग्राम चिंगपाल
जगदलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के बेमिसाल 12 साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं क्षेत्रीय विधायक किरण देव ने क्षेत्र के दरभा मंडल के ग्राम चिंगपाल में इमली पेड़ के नीचे चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। विधायक किरण देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं व 12 साल के विकास कार्यों के संबंध में ग्रामीणों से फीडबैक लिया और जनहित के कार्यों पर चर्चा की। जिसमें केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री आवास योजना के संबंध में ग्रामीणों से चर्चा की गई। वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राही पद्मनी पिता महादेव के आवास का विधिवत पूजा अर्चना कर गृहप्रवेश भी कराया। पद्मनी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। केंद्र सरकार के 12 साल पूर्ण होने पर ग्रामीणों व पंचायत प्रतिनिधियों के साथ विधानसभा क्षेत्र जगदलपुर के दरभा क्षेत्र में ग्राम पंचायत चिंगपाल पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने स्थानीय ग्रामीणों, पंचायत प्रतिनिधियों एवं लोगों से भेंट मुलाकात कर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली। साथ ही उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। चिंगपाल में घर-घर जाकर भाजपा किरण देव ने लोगों से संवाद कर शासन की जनहितैषी योजनाओं का लाभ लेने एवं उनकी बातों को सुनकर उनसे चर्चा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में 12 वर्षों में केंद्र सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि गरीब, किसान, युवा एवं महिलाओं को ध्यान में रखकर योजनाएं लागू की गई हैं। श्री देव ने कहा आज देश के नागरिक अपने सपनों को साकार होते देख रहे हैं। उन्होंने लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। किरण देव ने कहा कि नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश ने विकास, सामाजिक न्याय, गरीब कल्याण और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हमारी सरकार वचनबद्ध है। क्षेत्र में जनमानस की मांग के अनुरूप विकास कार्य हो रहे हैं। मूलभूत सुविधाओं को लेकर हम लगातार कार्य कर रहे हैं। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य संपति नाग, जनपद पंचायत अध्यक्ष मानकदई कश्यप, उपाध्यक्ष हरि प्रसाद कश्यप, मंडल अध्यक्ष देवीप्रसाद बेंजाम, लखीधर बधेल, आरेंद्र सिंह, संरपंच जयराम, भोला श्रीवास्तव, संतोष बघेल, जयमनी मौर्य , विष्णु प्रताप कश्यप, थैलेश सेठिया ,नारायण कुरानी, ललिता कश्यप, मेघनाथ एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे।