बिलासपुर। जिले के रतनपुर क्षेत्र के बिकमा तालाब में उस समय हड़कंप मच गया, जब सुबह नहाने पहुंचे लोगों ने तालाब के बाहर एक गड्ढे में मगरमच्छ के छह बच्चों को देखा। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी बच्चों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग रोज की तरह सुबह तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी नजर तालाब किनारे मौजूद मगरमच्छ के बच्चों पर पड़ी। नजारा देखते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना रतनपुर पुलिस तथा वन विभाग को दी गई।
मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम ने ग्रामीणों की मदद से सभी छह मगरमच्छ शावकों को सावधानीपूर्वक पकड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें वन विभाग कार्यालय ले जाया गया और बाद में खूंटाघाट डैम में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि बिकमा तालाब में अभी भी तीन बड़े मगरमच्छ मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि एक मादा मगरमच्छ ने तालाब किनारे अंडे दिए थे, जिनसे हाल ही में ये बच्चे निकले हैं। वन विभाग ने क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है और तालाब के आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से भी सावधानी बरतने और मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत विभाग को सूचना देने की अपील की है।