नयामुंडा वाटर फिल्टर प्लांट में लगी भीषण आग, रातभर चली आग बुझाने की कवायद

0 पुराने फिल्टर प्लांट और टंकी परिसर में लगी आग 
0 शार्ट सर्किट की आशंका, क्षति का आकलन जारी 
0 प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव और महापौर संजय पांडेय ने लिया हालात का जायजा 
जगदलपुर। नगर के नयामुंडा स्थित पुराने वाटर फिल्टर प्लांट एवं पानी टंकी परिसर में बीती शाम भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड, नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट को माना जा रहा है।
शुरूआती जानकारी के अनुसार परिसर में लगे ट्रांसफार्मर अथवा विद्युत तारों में शार्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग की लपटें परिसर में रखे ब्लीचिंग पाउडर और अन्य सामग्री तक पहुंच गईं, जिससे आग तेजी से फैलने लगी। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते मोर्चा संभाल लिया और आग को आसपास के क्षेत्रों तक फैलने से रोक दिया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। सुरक्षा की दृष्टि से प्रभावित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पांडेय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और राहत-बचाव कार्यों का जायजा लिया। किरण सिंह देव ने कहा कि सभी संबंधित विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं तथा फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। आग पूरी तरह बुझने और स्थिति सामान्य होने के बाद परिसर में हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाएगा।

बड़ा महत्वपूर्ण फिल्टर प्लांट
नयामुंडा स्थित वाटर फिल्टर प्लांट संयंत्र शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। परिसर में पुराने फिल्टर प्लांट, पानी टंकियां और जल आपूर्ति से जुड़ा बुनियादी ढांचा मौजूद है। आग लगने की घटना के बाद प्रशासन ने एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी और सुरक्षा निगरानी बढ़ा दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण और नुकसान की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *