सूदखोरों के खिलाफ कोतवाली पुलिस का कड़ा एक्शन

० उधारी न चुकाने पर उठा ले गए थे बोलेरो वाहन 
जगदलपुर। कोतवाली पुलिस जगदलपुर ने सूदखोरों के खिलाफ कड़ा एक्शन लिया है। आरोप है कि ये सूदखोर जरूरतमंदों को ब्याज पर रकम देते हैं और समय पर ब्याज न देने तथा उधारी न चुका पाने वाले कर्जदारों के वाहन व अन्य सामान उठा ले जाते हैं। ऐसे ही एक मामले में कोतवाली पुलिस ने उधार के पैसे नहीं लौटाने पर कर्जदार प्रार्थी के बोलेरो वाहन को जबरदस्ती ले जाने और उसका उपयोग करने वाले दो आरोपियों पर कार्रवाई की है।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी कोतवाली लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा ऐसे तत्वों के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है जो शहर में गरीब लोगों को पैसे उधारी में देकर पैसे समय पर नहीं मिलने पर डरा धमका कर कीमती सामान को कब्जे में रख लेते हैं। थाना कोतवाली जगदलपुर को सूचना मिली थी कि करीब 4 माह पूर्व प्रार्थी द्वारा आरोपी सुमीत पांडे से गाड़ी खरीदने के लिए एक लाख रुपए उधार में लिए गए थे। प्रार्थी द्वारा 30 हजार रुपया तत्काल वापस कर दिया गया था। 70 हजार आरोपी को देना शेष था। आरोपी सुमीत एवं धीरज द्वारा बाकी 70 हजार रुपया वसूलने के लिए प्रार्थी के नए बोलेरो वाहन को जबरदस्ती डरा धमका कर अपने कब्जे में ले लिया गया। आरोपी इस वाहन का उपयोग कर रहे थे।प्रार्थी की रिपोर्ट पर जुर्म दर्ज कर आरोपी हिरासत में ले लिए गए। पूछताछ और जांच में सहयोग नहीं करने पर तथा प्रार्थी के वाहन को छुपा कर रखने के संबंध में बार बार पूछने पर ही बताने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है। इस मामले में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक परिमल दास,आरक्षक रीना अनंत, ललिता तारम, वरुण बघेल, सोमालू ने विशेष भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *