बार बार बिजली गुल से जनता बेहाल, भाजपा नेता वाहवाही लूटने में मस्त : लव मिश्रा

० जिला युकां उपाध्यक्ष मिश्रा ने घेरा बीजेपी को 
०  एसी में मौज कर रहे भाजपाई जनप्रतिनिधियों को जनता की तकलीफ से वास्ता नहीं : लव मिश्रा 
जगदलपुर। बस्तर जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष लव मिश्रा ने शहर में बार बार सामने आ रही बिजली गुल की समस्या को लेकर विद्युत विभाग व भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा है कि शहर में पड़ रही भीषण और रिकॉर्डतोड़ गर्मी के बीच चरमराई विद्युत व्यवस्था ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है।
लव मिश्रा ने कहा है कि एक तरफ आसमान से आग बरस रही है, तो दूसरी तरफ अघोषित बिजली कटौती और बार-बार बिजली गुल ने नागरिकों को दोहरे संकट में डाल दिया है। आज शहर की जनता भीषण गर्मी का प्रकोप झेल रही है। रात-रात भर बिजली गायब रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों का बुरा हाल है। लेकिन जनता की सुध लेने के बजाय भाजपा के जनप्रतिनिधि और नेतागण अपने एसी कमरों में बैठकर ठंडी हवा का आनंद ले रहे हैं। उन्हें धरातल पर तड़पती जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है। श्री मिश्रा ने कहा कि सरकार के जिम्मेदार लोग जमीनी समस्याओं का समाधान ढूंढने के बजाय सिर्फ झूठी वाहवाही लूटने और फोटो खिंचवाने में व्यस्त हैं। युवा कांग्रेस नेता लव मिश्रा ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा है कि विद्युत विभाग द्वारा साल के बारह महीने ‘मेंटेनेंस’ के नाम पर घंटों बिजली कटौती की जाती है। जनता इस उम्मीद में उस कटौती को सहती है कि शायद गर्मी के दिनों में उन्हें निर्बाध बिजली मिलेगी। लेकिन जैसे ही गर्मी का सीजन आया, विभाग के सारे दावे और तैयारियां ताश के पत्तों की तरह ढह गईं। सालभर मेंटेनेंस के नाम पर की गई कटौती के बावजूद आज व्यवस्था में रत्ती भर भी सुधार न होना, सीधे तौर पर विद्युत विभाग की घोर लापरवाही और राज्य की भाजपा सरकार की प्रशासनिक निष्क्रियता का जीता जागता प्रमाण है।बिजली की आंखमिचौली के कारण न केवल आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ है, बल्कि छोटे व्यापारियों, कुटीर उद्योगों और रोज कमाने-खाने वालों का धंधा भी चौपट हो गया है। अस्पतालों में भर्ती मरीजों की जान पर बन आई है। लगातार हो रहे पावर कट से पानी की सप्लाई भी पूरी तरह प्रभावित हो चुकी है, जिससे शहर में जल संकट भी गहरा गया है। लव मिश्रा ने आगे कहा हमारी मांग है कि अघोषित बिजली कटौती पर तुरंत रोक लगाई जाए। जनता को इस भीषण गर्मी में चौबीस घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *