जगदलपुर। नगर पालिक निगम जगदलपुर के विजय वार्ड क्रमांक 02 के पार्षद गौतम पाणिग्रही ने कहा है कि विजय वार्ड स्थित वॉटर फिल्टर प्लांट में साफ, सफाई, मरम्मत एवं आवश्यक मेंटेनेंस का कार्य प्रारंभ किया गया है। यह कार्य आगामी एक सप्ताह तक जारी रहेगा। इस दौरान शुद्ध पेयजल की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। वर्तमान में भीषण गर्मी एवं बढ़ती जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सभी नागरिकों से पार्षद गौतम पाणिग्रही ने अनुरोध किया है कि पेयजल का उपयोग अत्यंत संयमित एवं जिम्मेदारीपूर्वक करें।
जल का उपयोग केवल आवश्यक कार्यों हेतु ही करें। घरों में पानी संग्रह सीमित मात्रा में करें ताकि सभी क्षेत्रों में पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके। श्री पाणिग्रही ने कहा है कि गर्मी के मौसम में जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। आप सभी से सहयोग की अपेक्षा है ताकि मरम्मत कार्य सुचारू रूप से पूर्ण हो सके एवं सभी नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।