० महापौर मीनल चौबे से हुई महत्वपूर्ण बैठक, स्मार्ट बाजारों को लेकर हुई सकारात्मक चर्चा – अमर पारवानी
रायपुर। देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमेन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमेन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि रायपुर शहर के पारंपरिक एवं प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों को आधुनिक, सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं व्यापार-अनुकूल ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने को लेकर आज CAIT के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी के नेतृत्व में रायपुर की महापौर मीनल चौबे से महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में शहर के बाजारों की मूलभूत सुविधाओं एवं व्यापारियों तथा आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
बैठक में CAIT की ओर से पूर्व में प्रस्तुत ज्ञापन में उल्लेखित प्रमुख विषयों पर चर्चा करते हुए रायपुर के बाजारों में बेहतर सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था, सुव्यवस्थित यातायात एवं पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था, CCTV कैमरों के माध्यम से सुरक्षा, बिजली की खुली तारों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट तथा पुरुष एवं महिला शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
CAIT ने यह भी सुझाव रखा कि रायपुर की बढ़ती आबादी एवं व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए नवीन फुटकर बाजारों का सुव्यवस्थित विकास किया जाए, जिससे छोटे व्यापारियों को उचित स्थान मिल सके और शहर के प्रमुख बाजारों पर यातायात का दबाव कम हो। साथ ही शहर की परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सुव्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर विकसित करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई, जहां ट्रक पार्किंग, धर्मकांटा, गैराज, बॉडी शॉप, वेयरहाउस, होटल, ढाबे एवं पेट्रोल पंप जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।
CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि, “रायपुर तेजी से आधुनिक महानगर के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में शहर के बाजारों को भी आधुनिक मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हमारा उद्देश्य केवल व्यापारियों की सुविधा नहीं, बल्कि बाजारों में आने वाले लाखों नागरिकों एवं ग्राहकों के लिए भी स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण तैयार करना है। ‘स्मार्ट बाजार’ की अवधारणा रायपुर के व्यापारिक विकास को नई दिशा दे सकती है।”
उन्होंने कहा कि नगर निगम और व्यापारिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय से इन विषयों का व्यावहारिक समाधान निकाला जा सकता है। CAIT रायपुर के बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।
महापौर मीनल चौबे ने कहा “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पारंपरिक बाजारों, स्थानीय व्यापार तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने पर निरंतर जोर दिया है। इसी सोच के अनुरूप हमारे पारंपरिक बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उनकी पहचान, विरासत और व्यापारिक महत्व को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
CAIT द्वारा रायपुर के पारंपरिक एवं प्रमुख बाजारों को ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने को लेकर रखे गए सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक हैं। आज हुई बैठक में बाजारों की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी सहित विभिन्न आवश्यक विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।
रायपुर नगर निगम और CAIT मिलकर इस दिशा में आगे कार्य करेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि रायपुर के पारंपरिक बाजारों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक स्वरूप दिया जाए, ताकि व्यापारियों के साथ-साथ बाजारों में आने वाले नागरिकों और ग्राहकों को भी बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
प्रधानमंत्री जी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और स्थानीय व्यापार को सशक्त बनाने के संकल्प के अनुरूप रायपुर के पारंपरिक बाजारों को नई सुविधाओं और नई पहचान के साथ विकसित करने के लिए नगर निगम सकारात्मक रूप से कार्य करेगा। CAIT के साथ समन्वय बनाकर इस दिशा में ठोस एवं चरणबद्ध पहल की जाएगी और हम मिलकर इस कार्य को आगे बढ़ाएंगे।”
CAIT के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम के सहयोग से रायपुर के पारंपरिक एवं प्रमुख बाजारों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं व्यापार-अनुकूल ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ेंगे। इससे व्यापारियों को बेहतर वातावरण मिलने के साथ-साथ नागरिकों की सुविधाएं भी बढ़ेंगी और रायपुर शहर के विकास को नई गति मिलेगी।
माननीया महापौर से मुलाकात में CAIT के पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहेः- अमर पारवानी, विक्रम सिंहदेव, परमानन्द जैन, अवनीत सिंह, राम मंधान, भरत जैन, शंकर बजाज, दीपक विधानी, कन्हैया गुप्ता, प्रेम पाहुजा, गोविंद माहेश्वरी, बलराम रोहरा एवं कुशल रोहरा।