0 नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड के चेयरमेन सुनील सिंघी के माध्यम से आयोजित वर्चुअल बैठक में प्रदेशभर के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि हुए शामिल, छत्तीसगढ़ का समन्वय अमर पारवानी ने किया
रायपुर। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) के सदस्य अमर पारवानी ने बताया कि नेशनल ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड, भारत सरकार के चेयरमेन सुनील सिंघी के माध्यम से आज “FTA के प्रभावी उपयोग” विषय पर एक महत्वपूर्ण वर्चुअल संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।
इस विशेष संवाद कार्यक्रम में देशभर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, उद्योग संगठनों एवं निर्यात क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी एवं व्यापारी बड़ी संख्या में जुड़े। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने व्यापारिक समुदाय से सीधा संवाद कर Free Trade Agreement (FTA) के माध्यम से उपलब्ध हो रहे नए अवसरों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में भारत सरकार द्वारा विभिन्न देशों के साथ हुए FTA के तहत व्यापार एवं निर्यात क्षेत्र को मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अधिकारियों द्वारा सेक्टर वाइज प्रेजेंटेशन प्रस्तुत कर विभिन्न उद्योगों एवं व्यापारिक क्षेत्रों के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत सरकार ने निर्यात को प्रोत्साहन देने हेतु अनेक प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया है तथा जो भी व्यापारी एवं उद्योगपति निर्यात के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें भारत सरकार द्वारा हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारिक समुदाय से FTA का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।
उन्होंने विशेष रूप से MSME सेक्टर को FTA के अंतर्गत मिलने वाले अवसरों पर जोर देते हुए कहा कि छोटे एवं मध्यम उद्योगों को निर्यात बढ़ाने के लिए विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही FTA से जुड़े देशों के उद्योग एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के बीच आपसी विजिट, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के आदान-प्रदान एवं बिजनेस नेटवर्किंग को भी बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे दोनों देशों के व्यापारिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
कार्यक्रम के दौरान यह भी जानकारी दी गई कि केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के मार्गदर्शन में निर्यात एवं एक्सपोर्ट प्रमोशन से जुड़े विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी आगामी समय में छत्तीसगढ़ का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रदेश के व्यापारियों, उद्योगपतियों एवं निर्यातकों के साथ बैठक कर उन्हें निर्यात बढ़ाने, वैश्विक बाजार तक पहुंच बनाने एवं FTA के व्यावहारिक लाभों की जानकारी प्रदान की जाएगी।
इस वर्चुअल संवाद कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, उद्योगपतियों, निर्यातकों एवं व्यापारिक प्रतिनिधियों को जोड़ने एवं समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका अमर पारवानी ने निभाई। उनके प्रयासों से प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में व्यापारी एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधि कार्यक्रम से जुड़े और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर लाभान्वित हुए।