ठेकेदार ने पेयजल पाईप लाइन को कर दिया ध्वस्त, जलापूर्ति ठप

०  मरम्मत कार्य में जुटा है नगर निगम का अमला 
जगदलपुर। सड़क निर्माण करा रहे ठेकेदार के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते कमिश्नर ऑफिस के बाजू गली में कल दोपहर से पेयजल की पाईप लाइन फूट गई है। इस कारण नयामुंडा वार्ड और आसपास के वार्डों में जलापूर्ति बुरी तरह प्रभावित हो गई है। हालांकि नगर निगम का जल कार्य विभाग सक्रियता के साथ पाईप लाइन की मरम्मत में जुट गया है, मगर सवाल यह है कि उस लापरवाह ठेकेदार पर क्या कार्रवाई की जाएगी, जिसने सैकड़ों परिवारों को पानी के लिए तरसा दिया है।
बताया गया है कि आयुक्त कार्यालय के बाजू गली आईडीबीआई बैंक के सामने सड़क का निर्माण एक ठेकेदार के माध्यम से कराया जा रहा है। ठेकेदार ने नगर निगम से पाईप लाइनों की जानकारी प्राप्त किए बगैर ऎसी खोदाई शुरू करवा दी कि पेयजल की पाईप लाइन ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इसके चलते नया मुंडा क्षेत्र के बड़े भाग में पेयजल की सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। नगर निगम का जल कार्य विभाग पाईप लाइन की मरम्मत में जुटा हुआ है और आज रात्रि तक काम पूरा हो जाने की उम्मीद है। वैसे भी ग्रीष्म ऋतु आने के साथ ही नगर के कई वार्डों पानी की परेशानी हो रही है। ऊपर से कल ही कमिश्नर कार्यालय के समीप एक बड़ी पाइप टूटने से वार्डवासियों को पानी की किल्लत हो गई है। वहीं नगर निगम के जल विभाग सभापति सुरेश गुप्ता के अनुसार पाईप लाइन की मरम्मत कार्य शुरू है आज शाम तक बनने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *