रायपुर। जिले के अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लखना गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव के बीच स्थित तालाब में एक अज्ञात युवती का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह तालाब के पास पहुंचे ग्रामीणों की नजर पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना को लेकर ग्रामीणों के बीच कई तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या कर शव को तालाब में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
पुलिस शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई करेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और यह हत्या, आत्महत्या या दुर्घटना का मामला है, इसका स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, पुलिस युवती की शिनाख्त के प्रयास में भी जुट गई है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।