5-डे वर्किंग वीक की मांग पर देशभर में बैंक हड़ताल, रायपुर में कर्मचारियों का प्रदर्शन

रायपुर। बैंक कर्मचारी यूनियनों ने लंबे समय से लंबित 5-डे वर्किंग वीक की मांग को लेकर आज राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। हड़ताल की घोषणा 23 जनवरी को की गई थी। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने आज बैंक स्ट्राइक का ऐलान किया, जिसमें सरकारी बैंकों के साथ-साथ कुछ पुराने निजी बैंकों की यूनियनें भी शामिल हैं। हड़ताल का असर राजधानी रायपुर में भी देखने को मिला, जहां बैंक अधिकारी और कर्मचारियों ने मोती बाग चौक के पास विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार और भारतीय बैंक संघ से 5-डे वर्किंग वीक को तत्काल लागू करने की मांग की। अधिकांश सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने हड़ताल को देखते हुए पहले ही अपने ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं में संभावित व्यवधान की सूचना दे दी थी। इससे आम लोगों को लेन-देन और अन्य बैंकिंग कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। गौरतलब है कि शनिवार को अवकाश घोषित करने का निर्णय मार्च 2024 में वेतन संशोधन समझौते के दौरान भारतीय बैंक संघ और यूएफबीयू के बीच हुआ था। यूएफबीयू ने इसी महीने की शुरुआत में कहा था कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार उनकी जायज मांग पर कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दे रही है। यूनियन का कहना है कि 5-डे वर्किंग लागू होने से काम के घंटे कम नहीं होंगे, क्योंकि कर्मचारी सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन 40 मिनट अतिरिक्त काम करने के लिए पहले ही सहमत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *