राजधानी के स्वागत विहार के खुले प्लॉट में मिली महिला की लाश, संदिग्ध हालात में मौत से मचा हड़कंप

रायपुर। राजधानी रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र की स्वागत विहार कॉलोनी में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की लाश कॉलोनी के एक खुले प्लॉट में मिली। मृतका की पहचान सुभद्रा बाई साहू (35), निवासी बोरियाकला के रूप में हुई है।

स्थानीय लोगों से सूचना मिलने के बाद मुजगहन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है। प्रारंभिक स्तर पर इलाके में उसके साथ अनहोनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा महिला के परिचितों और उसके आने-जाने से जुड़े लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा सकती है। मुजगहन थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *