इन्वेस्टर कनेक्ट में सीएम साय का फोकस – बस्तर और सरगुजा को मिलेगा प्राथमिकता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जगदलपुर में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम को लेकर कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रायपुर, दिल्ली, बैंगलोर, मुंबई के साथ-साथ विदेशों में भी इन्वेस्टर कनेक्ट आयोजित किए गए हैं, और अब जगदलपुर में यह आयोजन हो रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार का विशेष ध्यान बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों के विकास पर है।

जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय के साथ उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वन मंत्री केदार कश्यप और स्थानीय नेता शामिल होंगे। जगदलपुर रवाना होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, महिलाओं और अग्निवीरों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इन वर्गों को सब्सिडी दी जाएगी। उपराष्ट्रपति चुनाव में भाजपा पर वोट खरीदने के आरोपों का जवाब देते हुए साय ने कहा कि भाजपा सिद्धांतों की पार्टी है और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने एक वोट के लिए सरकार गिरा दी थी।

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने बताया कि बस्तर क्षेत्र के 34 उद्योगपतियों को इस मीट के लिए आमंत्रित किया गया है। निवेश की प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के साथ-साथ बस्तर और सरगुजा में उद्योग स्थापना और विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के लिए 10% अतिरिक्त सब्सिडी का प्रावधान है, और नक्सल प्रभावित लोग भी उद्योग स्थापित करने पर सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं।

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि यह आयोजन बस्तर के लिए एक बड़ी सौगात है। बस्तर में अपार संभावनाएं हैं, और मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में पूरे प्रदेश में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बस्तर नक्सल मुक्त होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, और आज कैंसर हॉस्पिटल के लिए अनुबंध होने जा रहा है, जो बस्तर वासियों के लिए महत्वपूर्ण होगा। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर तंज कसते हुए कश्यप ने कहा कि कांग्रेस में आपसी कलह और नेताओं के बीच खींचतान चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *