० इंद्रावती नदी पार मालेवाही-सातधार मार्ग पर माओवादियों की करतूत
दंतेवाड़ा। इंद्रावती नदी पार मालेवाही थाना क्षेत्र में सुबह माओवादियों द्वारा लगाए गए प्रेशर आईईडी की चपेट में आने से सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए। घटना सुबह करीब 10:30 बजे सातधार पुल से 800 मीटर आगे हुई।
जानकारी के मुताबिक सीआरपीएफ की 195वीं बटालियन के जवान नक्सल विरोधी अभियान के तहत एरिया डोमिनेशन और डिमाइनिंग के लिए निकले थे। इसी दौरान प्रेशर आईईडी ब्लास्ट हुआ, जिसमें इंस्पेक्टर दीवान सिंह गुर्जर और आरक्षक आलम मुनेश घायल हो गए।
दोनों जवानों को तुरंत जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें रायपुर एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है। सुरक्षा बलों ने घटना के बाद इलाके में सर्चिंग अभियान तेज कर दिया है।