GST बिल को लेकर सियासी घमासान: कांग्रेस के बिहार गिफ्ट वाले बयान पर अरुण साव का पलटवार – राष्ट्रहित के कामों पर कांग्रेस को होती है तकलीफ़

रायपुर। नए जीएसटी बिल को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस नेता अमरजीत भगत ने इस बिल को ‘बिहार गिफ्ट’ करार देते हुए भाजपा सरकार पर निशाना साधा। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखा पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्रहित के कामों पर कांग्रेसियों के पेट में हमेशा दर्द होता है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर भी कांग्रेस ने प्रश्न खड़े किए थे, जबकि नया जीएसटी रिफॉर्म नए भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

कांग्रेस पर जुबानी हमला

उप मुख्यमंत्री साव ने पूर्व मंत्री रविंद्र चौबे और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर एक-दूसरे को निपटाने का खेल चल रहा है, लेकिन जनता ने कांग्रेस को पहले ही निपटा दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संविधान का उल्लंघन करने की आदत बना चुकी है। 14 मंत्रियों पर जनहित याचिका लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस के नेता मंत्री नहीं बनते तो कहते हैं—‘कब मंत्री बना रहे हो’, और जब बन जाते हैं तो उस पर भी राजनीति करने लगते हैं।

‘नमक हराम भवन’ वाले बयान पर पलटवार

हाल ही में कांग्रेस ने भाजपा कार्यालय को ‘नमक हराम भवन’ कहकर तंज कसा था। इस बयान पर अमरजीत भगत ने भी टिप्पणी की थी। इसे लेकर उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि कांग्रेसी अपना आपा खो चुके हैं और अब प्रधानमंत्री तक को गाली देने लगे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सभी राजनीतिक और सामाजिक मर्यादाओं को लांघ दिया है और निम्न स्तर की राजनीति कर रही है। साव ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस को इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *