विधानसभा सत्र का तीसरा दिन: अहम मुद्दों पर होगी चर्चा, शाम को उत्कृष्टता अलंकरण समारोह

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज तीसरा दिन है और कार्यवाही में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की संभावना है। प्रश्नकाल के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से उनके विभागों से जुड़े सवालों पर जवाब मांगे जा सकते हैं।

ध्यानाकर्षण के माध्यम से कृषि उपकरण वितरण में अनियमितताओं और औद्योगिक इकाइयों की स्थापना से आम जनता को हो रही समस्याओं जैसे मुद्दों को सदन में उठाया जा सकता है। इसके अलावा, आज के एजेंडे में तीन नए विधेयक प्रस्तुत किए जाने और दो विधेयकों पर चर्चा की संभावना है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज पूरे दिन विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह 11 बजे अपने निवास से रवाना होकर 11:30 बजे विधानसभा पहुंचेंगे और शाम 6 बजे तक सदन में उपस्थित रहेंगे।

संध्या 6 बजे विधानसभा परिसर में ‘उत्कृष्टता अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विधायक, उत्कृष्ट संसदीय पत्रकार और उत्कृष्ट इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधि को सम्मानित करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और संसदीय कार्यमंत्री केदार कश्यप की भी उपस्थिति रहेगी।