महासमुंद में दर्दनाक हादसा: पेड़ काटते वक्त कटर मशीन की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत, गांव में छाया मातम

महासमुंद। जिले के बागबाहरा थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। वार्ड क्रमांक 4 थानापारा में सोमवार को पेड़ काटने के दौरान एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय ललित यादव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, हाल ही में आई तेज आंधी और बारिश के कारण एक विशाल नीम का पेड़ धराशायी हो गया था। सोमवार को ललित यादव उसे काटने कटर मशीन लेकर मौके पर पहुंचा। पेड़ काटने का कार्य शुरू होते ही हादसा हो गया। अचानक पेड़ की एक भारी डाल ललित पर आ गिरी, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और उसी वक्त कटर मशीन उसकी गर्दन पर चल गई।

हादसा इतना भयावह था कि ललित ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में बागबाहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन गहरे सदमे में हैं।