रायपुर। वक्फ संशोधन बिल को लेकर सियासत गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि विपक्ष वक्फ बिल के नाम पर मुस्लिम समाज को झूठ और डर का जाल फैलाकर गुमराह कर रहा है।
बृजमोहन अग्रवाल ने दो टूक कहा वक्फ संशोधन बिल मुस्लिम समाज के खिलाफ नहीं, बल्कि उनके अधिकारों और भविष्य की सुरक्षा के लिए लाया गया है। यह बिल मुस्लिम महिलाओं, युवाओं और बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और कल्याण के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वक्फ संपत्तियों का सही और पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ये कदम बेहद जरूरी था, जिससे समाज को वास्तविक लाभ मिले और राजनीतिक धंधेबाजों का खेल खत्म हो।
विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। उन्हें मुस्लिमों की भलाई से कोई लेना-देना नहीं है, बस डर का माहौल बना कर वोट बटोरना चाहते हैं। बृजमोहन अग्रवाल ने जनता से अपील करते हुए कहा देशवासी विपक्ष के झूठे प्रचार और अफवाहों से सतर्क रहें। मोदी सरकार सबके साथ, सबके विकास और सबके विश्वास की नीति पर अडिग है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का मकसद है – वक्फ की हर संपत्ति का समाजहित में उपयोग हो, न कि वोट बैंक की राजनीति का औजार बने।