बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक रौंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। खिलौरा गांव में एक निर्दोष किसान को चोरी का झूठा आरोप लगाकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर ताबड़तोड़ वायरल हो रहा है।वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे राइस मिल संचालक रौनक अग्रवाल, मुंशी शत्रुहन नौरंगा और पूर्व सरपंच देवनारायण साहू मिलकर किसान को पहले चप्पलों से पीटते हैं, फिर लात-घूंसे बरसाते हैं और साथ में गालियों की बौछार करते हैं।
जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल की रात पीड़ित किसान एक डांस प्रतियोगिता देखकर लौट रहा था, तभी इन दबंगों ने उसे जबरन उठाया और मुंशी के घर ले जाकर अमानवीय तरीके से पीटा। किसान का कसूर सिर्फ इतना था कि इन लोगों ने उस पर झूठा चोरी का आरोप लगाया।
पीड़ित की मानें तो उसने कोई चोरी नहीं की, लेकिन आरोपियों ने बिना किसी सबूत के उसे बंधक बनाकर दरिंदगी की हदें पार कर दीं। इस कायराना करतूत का वीडियो जब वायरल हुआ, तो इलाके में गुस्से की लहर दौड़ गई। लोग दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल किसान की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसे मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर इतने दबंग कैसे खुलेआम कानून को ठेंगा दिखाकर एक किसान पर जुल्म कर सकते हैं? क्या गरीबों की कोई सुनवाई नहीं?