बलरामपुर। जिले में एक बार फिर पटवारी पर रिश्वतखोरी का गंभीर आरोप सामने आया है। सीमांकन के बदले 10 हजार रुपए की मांग कर रहे पटवारी को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया है।
मामला वाड्रफनगर जनपद के परसडीहा क्षेत्र का है, जहां निवासी राजेश पटेल ने अपनी निजी भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन दिया था। आरोप है कि हल्का पटवारी हेमंत कुजूर ने इसके बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता राजेश ने पहले से ही एडवांस के तौर पर 2 हजार रुपये दे दिए थे, लेकिन बचे हुए 8 हजार की डिलीवरी आज तय की गई थी।
जैसे ही राजेश पटेल तय समय पर तहसील कार्यालय के सामने पटवारी को शेष राशि देने पहुंचा, पहले से तैनात ACB की टीम ने पटवारी हेमंत कुजूर को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
ACB ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।