0 अपराधियों पर कार्रवाई के दावे खोखले
रायपुर। प्रदेश में अपराधों पर लगाम लगाने में यह सरकार, अब अपराधियों पर भी लगाम लगाने में विफल हो चुकी है, प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि दूसरे प्रदेश से आए गैंगस्टर अमन साव के गुर्गाे को 2 साल बाद सबूतो के अभाव में कोर्ट से बरी होना दर्शाता है कि यह सरकार अपराध और अपराधियों को लेकर कितनी संवेदनशील है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि प्रदेश में लगातार हत्या, लूट, दुष्कर्म आगजनी यहां तक की जिंदा जला देने जैसी भयावह घटना घट रही है, गैंगवार हो रहे हैं,प्रदेश में प्रतिदिन 6 हत्याएं और 8 बलात्कार की घटनाएं घट रही है राजधानी रायपुर में ही कमिश्नरेट लागू होने के बावजूद अगस्त माह में ही अभी तक 10 हत्याएं हो चुकी है, प्रदेश में अराजकता की स्थिति है और इस बीच दूसरे प्रदेश के गैंगस्टरों की गिरफ्तारी 2 साल पहले होने के बाद भी कोर्ट ने सबूत के अभाव में बरी कर दिया यह मात्र पुलिस की नाकामी नहीं अपितु सरकार की अपराधियों पर लगाम न लगा पाने की वास्तविकता है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्यप्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार की अकर्मण्यता से अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि खुलेआम सोशल मीडिया पर दहशत फैलाया जा रहा है। बदमाशों और अपराधियों द्वारा सोशल मीडिया पर हथियार लहराते हुए रील बनाकर खुलेआम धमकियां देने का नया ट्रेंड चल पड़ा है, जिस पर पुलिस नकेल कसने में पूरी तरह नाकाम है। अंतरराष्ट्रीय शूटरों की आमद छत्तीसगढ़ में हो चुकी है, कुख्यात गिरोह के गुर्गाे की पनाह स्थली बन चुकी है लेकिन अपराध नियंत्रण के बजाय यह सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है।
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता सत्य प्रकाश सिंह ने कहा कि सरकार को तुरंत इस पर संज्ञान लेते हुए संबंधित जांच अधिकारी पर कठोर कार्रवाई करते हुए मामले को उच्च न्यायालय में चुनौती देनी चाहिए,प्रदेश की जनता पहले से ही भय में जीने को मजबूर है और उस बीच इस तरह के कोर्ट के माध्यम से जो फैसला आते हैं वो सरकार की नाकामी को दर्शाते है जिससे जनता में और भय उत्पन्न होता है।