400 किलो गांजा और 6.50 लाख कैश जब्त! गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय तस्करी का किया भंडाफोड़, 5 गिरफ्तार

गरियाबंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 400 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, बाइक, मोबाइल फोन और 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

देवभोग थाना पुलिस की टीम 24 अगस्त की रात NH-130C के खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई।

तिरपाल के नीचे छिपाकर ले जा रहे थे गांजा

पुलिस के मुताबिक, वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके कई पैकेट रखे हुए थे। संदेह होने पर पुलिस ने पैकेटों की जांच की तो उनमें गांजा मिला। तौल करने पर कुल 400 किलो गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में वाहन सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे ने बताया कि उनके आगे एक बाइक पर दो लोग पायलटिंग कर रहे हैं। जानकारी मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर बाइक क्रमांक OD 08 W 5814 को रोका और उस पर सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को गिरफ्तार कर लिया।

ओडिशा से सप्लायर भी पकड़ा गया

पूछताछ के दौरान तस्करों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र स्थित डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से लिया गया था। इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ओडिशा पहुंची और आरोपी विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से गांजा बिक्री से मिली 5 लाख रुपये की नकदी भी बरामद की।

2 करोड़ का गांजा, लाखों की जब्ती

कार्रवाई में पुलिस ने कुल 400 किलो गांजा, करीब 2 करोड़ रुपये कीमत, आयशर वाहन, ग्लैमर बाइक, 3 मोबाइल फोन और कुल 6.50 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई की सफलता पर पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना की है।