आसना जंगल में जैबेल कि पिकअप की दीवार से जोरदार टक्कर, चालक गंभीर; वाहन का एक हिस्सा चकनाचूर

बकावंड। आसना जंगल क्षेत्र में सोमवार को टमाटर से लदी एक जैबेल पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जोरदार तरीके से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, पिकअप चालक टमाटर लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे स्थित दीवार से तेज रफ्तार में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे।

दुर्घटना में चालक को गंभीर चोटें आईं और वह बेहोशी की हालत में पाया गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल चालक को उपचार के लिए डिमरापाल अस्पताल भेजा। बताया जा रहा है कि हादसे में पिकअप को भी भारी नुकसान हुआ है।

घटना की सूचना मिलने के बाद संबंधित पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।