बिलासपुर/तखतपुर। तखतपुर नगर के कालीबाड़ी स्थित काली मंदिर में आधी रात चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। करीब रात 2 बजे दो संदिग्ध मंदिर के पीछे से परिसर में दाखिल हुए और दानपेटी में रखी नगदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। चोरी की घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के पीछे का रास्ता चुना और अंदर प्रवेश करने के बाद सबसे पहले दानपेटी को निशाना बनाया। दानपेटी से नगदी निकालने के बाद उन्होंने मंदिर में रखे सोने-चांदी के आभूषण भी चोरी कर लिए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक, चोरी गए सामान और नगदी की कुल कीमत एक लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
CCTV कैमरे से छेड़छाड़ की कोशिश
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने मंदिर में लगे CCTV कैमरों से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। हालांकि, उनकी यह कोशिश पूरी तरह कामयाब नहीं हुई और दो संदिग्ध कैमरे में रिकॉर्ड हो गए। पुलिस अब इसी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
मंदिर में चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी अवनीश पासवान के नेतृत्व में मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मंदिर के CCTV के अलावा आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों के आने-जाने के रास्ते और उनकी पहचान के बारे में सुराग मिल सके।
थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।