कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के करीबियों के ठिकानों पर भी ED की दबिश, धमतरी में कांग्रेसियों का प्रदर्शन

रायपुर/धमतरी। कांग्रेस नेता रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई के बीच अब उनके करीबियों के ठिकाने भी जांच एजेंसी के निशाने पर हैं। जानकारी के मुताबिक, ED की टीम ने रायपुर और धमतरी में कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की है।

बताया जा रहा है कि जीडी लॉजिस्टिक के संचालक अनूप अग्रवाल के रविनगर स्थित घर और कार्यालय समेत करीब चार ठिकानों पर ED की कार्रवाई चल रही है। वहीं, रामगोपाल अग्रवाल के भतीजे प्रतीक अग्रवाल के धमतरी स्थित आवास पर भी जांच टीम पहुंची है। कार्रवाई में ED के अधिकारी और पुलिस बल तैनात हैं।

धमतरी में कांग्रेसियों ने किया विरोध

ED की कार्रवाई की खबर के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता रामगोपाल अग्रवाल के धमतरी स्थित निवास के बाहर जुट गए। धमतरी विधायक ओंकार साहू समेत कई कांग्रेस कार्यकर्ता धरने पर बैठकर कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।

वहीं, ED की टीम घर के भीतर दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है। सुरक्षा के मद्देनजर मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

शराब घोटाले से जुड़ी जांच में कार्रवाई

बताया जा रहा है कि रामगोपाल अग्रवाल को कथित शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED ने रायपुर केंद्रीय जेल से गिरफ्तार किया था। इसके बाद PMLA अदालत ने उन्हें सात दिन की ED हिरासत में भेजा था।

जांच एजेंसी का आरोप है कि शराब घोटाले के अलावा कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े पैसों की लेनदेन में भी रामगोपाल अग्रवाल की भूमिका रही है। ED अब कथित तौर पर इन पैसों के लेनदेन और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।

फिलहाल करीबियों के ठिकानों पर चल रही कार्रवाई में ED को क्या दस्तावेज या अन्य साक्ष्य मिले हैं, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।